लखनऊ। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने वाले युवा पूरी जोरआजमाइश कर रहे हैं लेकिन अधिकतर दौड़ में ही बाहर हो रहे हैं। दौड़ पास कर आगे बढ़ने वालों का जोश लॉन्ग, हाईजंप व पुशअप्स में दिख रहा है। सोमवार को रैली के चौथे दिन अग्निवीर टेक्निकल श्रेणी के लिए कुल 880 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जिसमें 71 प्रतिशत अभ्यर्थी 625 ने हिस्सा लिया।
भर्ती कार्यालय लखनऊ की ओर से छावनी स्थित एएमसी स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में अब तक 2534 अभ्यर्थी शामिल हो चुके हैं। रैली के लिए 13 हजार अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है। इन अभ्यर्थियों ने गत वर्ष हुई लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। सूत्र बताते हैं कि फिजिकल टेस्ट में इस बार अभ्यर्थियों का वह जोश नजर नहीं आ रहा है, जो गत वर्ष हुईं भर्ती रैलियों में दिखा। छह फरवरी को शुरू हुई भर्ती रैली के पहले दिन 370 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें 265 अभ्यर्थी शामिल हुए। ऐसे ही सात फरवरी को 1103 आमंत्रितों में 874 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जबकि आठ फरवरी को 904 बुलाए गए थे, जिसमें 665 ही शामिल हुए।
सूत्र बताते हैं कि अभी फिजिकल टेस्ट में सबसे पहले अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़ में दमखम दिखाना होता है लेकिन इस बार अधिकतर अभ्यर्थी इस दौड़ को ही पार नहीं कर पा रहे हैं। कितने अभ्यर्थी पास हुए और कितनों को नेत्र व अन्य परीक्षण के लिए कमांड अस्पताल भेजा जाएगा, इसके आंकड़े अंतिम दिन जारी किए जाएंगे।
625 ने मैदान में बहाया पसीना
अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन सोमवार को अग्निवीर टेक्निकल श्रेणी के लिए भर्ती रैली हुई। इसमें बाराबंकी, गोंडा, हमीरपुर, कानपुर नगर, महोबा और फतेहपुर जिलों की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। रैली को महानिदेशक भर्ती बोर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनूप सिंघल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
आज इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
10 फरवरी को अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) के तहत उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिले की कानपुर, घाटमपुर, नरवल व बिल्हौर तहसीलों के लिए की रैली आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को दलालों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सेना में चयन पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी होता है।
एएमसी स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली।
एएमसी स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली।
एएमसी स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली।
एएमसी स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली।