उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बृहस्पतिवार को पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी कर दिया। एडमिट कार्ड जारी होने के बाद परीक्षा टलने को लेकर हो रही तमाम अटकों पर विराम लग गया है।
परीक्षा 18 जून से छह जुलाई तक इलाहाबाद और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा में 14032 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। प्रवेश पत्र आयेाग की वेबसाइट ‘http://uppsc.up.nic.in’ पर अपलोड कर दिए गए हैं।
कई अभ्यर्थी पीसीएस मुख्य परीक्षा टालने की मांग कर रहे थे। इसके लिए मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दिया गया था। ऐसे में परीक्षा के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी लेकिन, आयोग ने बृहस्पतिवार को मुख्य परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी कर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। परीक्षा अब तय समय पर ही होगी।
हालांकि आयोग के सचिव जगदीश पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि परीक्षा किसी भी सूरत में नहीं टलेगी। पीसीएस मुख्य परीक्षा दो पालियों सुबह 9.30 से अपराह्नन 12.30 और अपराह्न दो से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। केवल सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र की अविध सुबह 9.30 से 11.30 बजे और सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र की अवधि अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक होगी।