शासन ने प्रदेश में खुले नए राजकीय औद्योगिक संस्थानों (आईटीआई) में 1,419 कार्मिकों की भर्ती को हरी झंडी दे दी है। इसके बाद व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने अनुदेशक (शिक्षक), स्टोर कीपर और कनिष्ठ सहायकों के पदों पर भर्ती के लिए राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।
इसके अलावा आउट सोर्सिंग के जरिए अनुदेशकों और चपरासियों के 900 पदों पर भी भर्ती होगी। इस प्रकार कुल 2,319 पदों पर भर्ती की जाएगी।
व्यवसायिक शिक्षा निदेशालय को 44 नए आईटीआई खुलने के बाद जरूरत के हिसाब से नए पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया था।
निदेशालय ने पिछले महीने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा। इसमें अनुदेशक के 1141 पद, कनिष्ठ सहायक के 228 और स्टोर कीपर के 50 पद शामिल हैं। शासन से मंजूरी के बाद कुल 1419 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए निदेशालय ने राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेज दिया है।