लखनऊ विश्वविद्यालय से सहयुक्त सभी कॉलेजों में अगले साल से इंटरनल एग्जाम ऑनलाइन संपन्न होंगे। इसके लिए कॉलेजों को कम से कम 50 कंप्यूटर की कंप्यूटर लैब स्थापित करनी होगी। लविवि कुलपति प्रो. एसपी ने सभी सहयुक्त कॉलेजों को इसके लिए जुलाई 2019 तक का समय दिया है।
कंप्यूटर लैब स्थापित होने के बाद ऑनलाइन इंटरनल एग्जाम होगा। परीक्षा के साथ ही उसका रिजल्ट भी घोषित हो जाएगा। कुलपति ने मंगलवार को मालवीय सभागार में कॉलेज प्राचार्यों के साथ हुई बैठक में इसके अलावा सेमेस्टर प्रणाली की परीक्षा के बारे में दिशा-निर्देश दिया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया।
लविवि ने इस साल से अपने यहां स्नातक में भी पूरी तरह से सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी है। नई व्यवस्था में हर सेमेस्टर में छह पेपर होंगे। हर पेपर 100 नंबर का होगा। 100 में से 80 नंबर परीक्षा तथा 20 नंबर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दिए जाएंगे। फिलहाल ये 20 नंबर प्रोजेक्ट, उपस्थिति और विभिन्न गतिविधियों के आधार पर दिए जाने हैं।
इसके नंबर कॉलेजों को पोर्टल पर भरने हैं। अगले साल से इंटरनल एग्जाम ऑनलाइन कराने की तैयारी है। ऑनलाइन परीक्षा में नंबर भरने के काम से भी फुर्सत मिल जाएगी। परीक्षा सभी कॉलेज में एक साथ होगी इसलिए कंप्यूटर लैब स्थापित होनी जरूरी है।