लखनऊ विश्वविद्यालय से सहयुक्त नौ कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं की सीट संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। विवि की प्रवेश समिति ने इसके लिए कुलपति को अधिकृत किया है। लखनऊ विश्वविद्यालय में मंगलवार को कुलपति की गैर-मौजूदगी में प्रवेश समिति की बैठक हुई।
इसमें सीटों की बढ़ोत्तरी के लिए कुलपति को अधिकृत करने के साथ ही दो शोधार्थियों का दाखिला निरस्त करने, एक शोधार्थी का शोध शीर्षक बदलने और एक शोधार्थी का गाइड बदलने पर भी मुहर लगाई गई। प्रवेश समिति ने इसके साथ ही 27 विद्यार्थियों के कॉलेज बदलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों की मांग पर सीट बढ़ाने के लिए शासनादेश जारी किया था। इसमें कुलपतियों को यह अधिकार दिया गया है कि वे कॉलेज की स्थिति को देखकर सीट बढ़ाने का फैसला करें। इसके बाद मंगलवार को प्रति-कुलपति प्रो. यूएन द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति ने कुलपति को सीट बढ़ोतरी के लिए अधिकृत किया है। कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने कहा है कि कॉलेजों की स्थिति को देखकर शासनादेश के अनुसार वे 60 के सेक्शन को 80 तक बढ़ाने की मंजूरी देंगे।
यहां देखें, कॉलेज
lucknow university
- फोटो : amar ujala
लविवि से सहयुक्त कुल नौ कॉलेजों ने सीट बढ़ोतरी के लिए आवेदन किया है। इनमें जेएनपीजी कॉलेज, कालीचरण पीजी कॉलेज, शिया पीजी कॉलेज, मुमताज डिग्री कॉलेज, डीएवी पीजी कॉलेेज, बीएसएनवी डिग्री कॉलेज, महिला पीजी कॉलेज, यूनिटी डिग्री कॉलेज और बासुदेव डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
किसी भी सूरत में नहीं बढ़ेंगी 80 से अधिक सीटें
कॉलेज की क्षमता को देखते हुए उनके आवेदन पर 60 का सेक्शन 80 करने की अनुमति दी जाएगी। लेकिन यह संख्या किसी भी सूरत में 80 से ज्यादा नहीं होगी। इसलिए इस प्रथम वर्ष में नियमित छात्र के रूप में होने वाले दाखिले भी इस संख्या में शामिल होंगे। - प्रो. एसपी सिंह, कुलपति, लविवि