लखनऊ विश्वविद्यालय की पहले सेमेस्टर की 29 मार्च से प्रस्तावित परीक्षाएं इस साल से जुड़े चार जिलों में 148 केंद्र पर होंगी। पूर्व में इनकी संख्या 109 थी। साथ ही देर रात पहले सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हो रहे सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र भी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया गया। जिसे विद्यार्थी स्वत: डाउनलोड कर सकेंगे। पहले सेमेस्टर की परीक्षा में लखनऊ व चार जिलों में 1.31 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
लखनऊ विवि से इस साल से रायबरेली, हरदोई, लखीमपुर खीरी व सीतापुर के कॉलेज संबद्ध हुए हैं। विवि प्रशासन की ओर से पूर्व में इन चार जिलों में पहले सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 109 केंद्र प्रस्तावित किए गए थे। लेकिन दर्जनों कॉलेजों ने परीक्षा विभाग में प्रत्यावेदन देकर कहा था कि उनके परीक्षा केंद्र 60-70 किलोमीटर दूर बना दिए गए हैं। इस पर विश्वविद्यालय द्वारा गठित समिति ने कॉलेजों की शिकायत दूर करते हुए परीक्षा केंद्रों की संख्या 109 से बढ़ाकर 148 किया और कॉलेजों की शिकायतों का निस्तारण किया।
परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने बताया कि उक्त चार जिलों में 20 से बढ़ाकर 21 नोडल केंद्र भी कर दिए गए हैं। वहीं लखनऊ में पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही पहले सेमेस्टर की परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाइनल परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। बता दें कि फाइनल परीक्षा कार्यक्रम व प्रवेश पत्र न जारी होने से विद्यार्थी काफी परेशान थे।