लखनऊ विश्वविद्यालय के स्टूडेंट जल्द ही कला, विज्ञान और वाणिज्य के विषय पढ़ने के साथ ही डिजाइनिंग में भी हाथ आजमाते नजर आएंगे। इसके लिए विवि ने उत्तर प्रदेश डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट से हाथ मिलाया है।
इंस्टीट्यूट के सहयोग से विवि अपने स्टूडेंट्स के लिए क्राफ्ट डिजाइन और थिंक डिजाइन विषयों में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करेगा। ये कोर्स जनवरी से सभी स्टूडेंट्स के लिए उपलब्ध होंगे।
इन कोर्स की कोर्डिनेटर और चीफ प्रॉक्टर प्रो. निशि पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश डिजाइनिंग इंस्टीट्यूट की निदेशक जोहरा चटर्जी से इन पाठ्यक्रमों को चलाने पर सहमति बन गई है।
ये कोर्स कार्यशाला के माध्यम से चलाए जाएंगे। इनकी अवधि एक सप्ताह से 10 दिनों के बीच होगी। इसके माध्यम से स्टूडेंट्स में एक अतिरिक्त हुनर का विकास होगा। इन पाठ्यक्रमों के लिए कोई न्यूनतम अर्हता तय नहीं की गई है।
डिग्री के साथ कर सकते हैं कोर्स
यूजीसी ने डिग्री के साथ ही सर्टिफिकेट कोर्स को मंजूरी दे दी है, इसलिए स्टूडेंट्स डिग्री के साथ सर्टिफिकेट कोर्स भी कर सकते हैं। दोनों डिग्री मान्य होंगी। पहले के नियमों के अनुसार स्टूडेंट एक साथ एक ही डिग्री ले सकता था, लेकिन अब नए नियमों में डिग्री के साथ सर्टिफिकेट कोर्स करने को वैधानिक करार दिया गया है।