अलीगंज आईटीआई में कैंपस ड्राइव 29 को।
लखनऊ। राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल के साथ ही तीन वर्ष की डिग्री मिलेगी। यह मौका दे रही है हरियाणा की डेनसो कॉर्पोरेशन कंपनी। अलीगंज राजकीय आईटीआई परिसर में 29 अप्रैल को कंपनी की ओर से कैंपस ड्राइव का आयोजन होगा। इसमें बैचलर ऑफ वोकेशनल (बी.वोक) के 100 पदों के लिए चयन होगा। उम्र सीमा 18 से 25 वर्ष है।
अलीगंज राजकीय आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि युवाओं के पास शैक्षणिक दस्तावेज के साथ ही छह पासपोर्ट साइज फोटो और निवास प्रमाण पत्र का होना जरूरी है। चयनितों को निशुल्क पढ़ाई, मानदेय के साथ ही दोपहर का खाना, यातायात और मेडिकल की सुविधा दी जाएगी। कंपनी की ओर से सीटीसी के साथ 23 हजार रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। पीएफ और अन्य सुविधाओं की कटौती कर युवाओं के हाथ में 18,600 रुपये मिलेगा। पढ़ाई के दौरान पहले वर्ष सर्टिफिकेट, दूसरे वर्ष डिप्लोमा और तीन वर्ष की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्नातक की डिग्री मिलेगी।
ईंधन पंप व इंजेक्टर का निर्माण करती है कंपनी
जापानी तकनीकी पर काम करने वाली डेनसो कंपनी ईंधन पंप, इंजेक्टर और ईवी व आईएससीवी के निर्माण व इंजन प्रबंधन प्रणाली जैसे ऑटोमोटिव घटकों में विशेषज्ञता रखती है। साथ ही छोटे मोटर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्माण करती है।