गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर पूर्ति विभाग ने शनिवार को जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट लगाए तेल भराने आने वालों को लौटा दिया गया।सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने का आदेश जारी किया है।
इसी क्रम में शनिवार को गिलौला क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर पूर्ति निरीक्षक संजय त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। इस दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल लेने के लिए आने वाले दोपहिया चालकों को बिना तेल के लौटाया गया। उन्हें बिना हेलमेट वाहन न चलाने की हिदायत भी दी गई।
इस दौरान पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह आदेश दिया गया है। इस मौके पर एआरओ घनश्याम सिंह, पेट्रोल पंप प्रबंधक अरुण कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।