लखनऊ विश्वविद्यालय की सात जुलाई से प्रस्तावित परीक्षा के बहिष्कार की मुहिम आगे बढ़ती जा रही है। सड़क पर धरना-प्रदर्शन के बाद अब ट्विटर पर इसका विरोध तेज हो गया है। विश्वविद्यालय के तमाम छात्र-छात्राओं ने ट्विटर #Lu_students_boycott_exam पर अभियान चलाकर उत्तर प्रदेश में एक नंबर और पूरे देश में नंबर 16 तक ट्रेंड किया।
30 हजार से अधिक छात्रों के ट्वीट के अलावा मुहिम का समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, राजद, रालोद का भी समर्थन मिल रहा है। इसमें समाजवादी छात्र सभा के साथ ही एसएफआई के कार्यकर्ता भी समर्थन में ट्वीट कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि हम इस वैश्विक महामारी के दौर में विश्वविद्यालय के तुगलकी फरमान का विरोध करना जरूरी है।
छात्रों ने परीक्षाओं का बहिष्कार करने के साथ ही सभी को बिना परीक्षा के ही प्रोन्नत करने की मांग की है। अभियान का संचालन लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र शुभम मिश्रा, महेंद्र कुमार यादव, लालू कनौजिया, सतीश शर्मा समर, माधुर्य सिंह और अनुपम यादव द्वारा किया जा रहा है।
छात्रों के समर्थन में वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट से मुख्य रूप से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, सपा प्रवक्ता जूही सिंह, पीएल पुनिया, राजीव त्यागी, प्रो. अली खान महमूदाबाद, प्रो. मनोज झा, तनुज पुनिया, अब्बास अली जैदी, दिग्विजय सिंह देव, राहुल सिंह, बृजेश यादव, अरविंद गिरी, मनोज सिंह काका, सदफ जाफर, दीपक सिंह, अरुण यादव, ऐश्वर्य राज, अभिषेक चौहान, अंशू अवस्थी, प्रशांत श्रीवास्तव आदि ने ट्वीट किया है।