केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर 11 सितंबर को अमेठी पहुंचेंगी। दो दिवसीय दौरे में वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। साथ ही योजनाओं का निरीक्षण भी करेंगी।
केंद्रीय मंत्री का कार्यक्रम पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जारी कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 11 सितंबर को करीब साढ़े 10 बजे अमेठी के सगरा तालाब पर पहुंचकर योजनाओं के संबंध में निरीक्षण करेंगी। उनके साथ सूबे के गृह सचिव अवनीश अवस्थी भी रहेंगे।
इसके बाद वे डीआरएम के साथ उंचाहार रेलवे लाइन के संबंध में अमेठी व गौरीगंज के रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगी। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद वे विभिन्न जगहों पर आयोजित दीदी और सरकार आपके द्वार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
गौरीगंज में रात्रि विश्राम के बाद दूसरे दिन बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री आशा सम्मेलन में हिस्सा लेकर लंच एवं किचन गार्डन का शुभारंभ करेंगी। भादर के सीआरपीएफ कैंप में वे बैठक करेंगी। इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद करीब चार बजे जायस से होते हुए दिल्ली के लिए वापस हो जाएंगी।