लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में शनिवार रात एक झोपड़ी में सो रही युवती से दो युवकों ने छेड़खानी की। कनपटी पर नकली पिस्टल लगाकर उठा ले जाने लगे। चीखपुकार पर दौड़े नागरिकों ने दोनों को पकड़कर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
एक ने खुद को प्रदेश के एक काबीना मंत्री का भतीजा बताते हुए पुलिस को अर्दब में लेने की कोशिश की जबकि दूसरे ने खुद को मंत्री का नौकर बताया। पुलिस ने केस दर्ज करके दोनों को जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि नशे में धुत दो युवक शनिवार रात सहारा ओवरब्रिज के नीचे एक झोपड़ी में जा घुसे। वहां मौजूद युवती से छेड़खानी की। विरोध पर कनपटी पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे उठा ले जाने लगे। चीखपुकार पर आसपास की झोपड़ियों के लोग दौड़े। घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को पकड़ा और पुलिस को फोन किया।
झोपड़ी में घुसकर छेड़खानी व अपहरण के प्रयास की सूचना पर पहुंची टीम ने नशे में धुत दोनों युवकों को हिरासत में लेने के साथ उनके कब्जे से नकली पिस्टल बरामद की। पकड़े गए युवकों की पहचान इलाहाबाद के मूलनिवासी संजीव मौर्या व बाराबंकी के हैदरगढ़ थाने के गांव पोखर निवासी मोनू के रूप में हुई।
पुलिस से भिड़ा, कहा-मंत्री के निजी आवास में रहता हूं
इंस्पेक्टर ने बताया कि संजीव मौर्या ने खुद को एक मंत्री का भतीजा बताते हुए कहा कि वह विकासखंड में मंत्री के निजी आवास में रहता है और मोनू को मंत्री का घरेलू नौकर बताते हुए पुलिसकर्मियों को अर्दब में लेने की कोशिश की। दोनों को मंत्री का नाम लेकर पुलिस से नोकझोंक करते देख नागरिकों में रोष फैलने लगा।
घनघनाने लगे सिफारिशी फोन
इंस्पेक्टर ने बताया कि संजीव व मोनू के पकड़े जाते ही सिफारिशी फोन घनघनाने लगे। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री के सख्त आदेश का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए। इस पर दोनों के खिलाफ शीलभंग, अपहरण के प्रयास, गालीगलौज व मारपीट का केस दर्ज करके गिरफ्तार किया गया।
रातोंरात की कार्रवाई
मामले की नजाकत भांपते हुए पुलिस ने रात को केस दर्ज करने के साथ दोनों का डॉक्टरी मुआयना कराया। गिरफ्तारी की लिखा-पढ़ी के साथ चालान की कार्रवाई की और सुबह ही रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
पड़ोसियों ने बचाई आबरू
मंत्री के कथित भतीजे व नौकर की छेड़खानी का शिकार बनी युवती ने पुलिस को बताया कि झोपड़पट्टी में रहने वाले पड़ोसियों ने उसे बचा लिया। वरना नशे में धुत दोनों दबंग कुछ दूरी पर अपनी कार खड़ी होने की बात कह रहे थे। इंस्पेक्टर ने भी माना कि पॉश कॉलोनी में वातानुकूलित कमरे में सो रहे लोगों को रात में युवती की चीखपुकार नहीं सुनाई देती।