प्रदेश की योगी सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। वह प्रदेश सरकार के 17वें मंत्री हैं जो कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इसके अलावा दो मंत्रियों चेतन चौहान और कमला रानी वरुण की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।
कैबिनेट मंत्री नंदी के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने कहा कि 2010 में आरडीएक्स हमले के बाद हुई कई सर्जरी के कारण स्थिति थोड़ी जटिल है। लेकिन सतर्कता, सावधानियां, संतुलित आहार और निडरता कोविड से लडने के कारगर तरीके हैं। प्रदेश सरकार के स्नेह और दुआओं से जलद ही कोरोना को मात देते हुए आपके बीच हाजिर हो जाऊंगा।
इससे पहले योगी सरकार के कारागार मंत्री जय कुमार सिंह जैकी, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि और न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, आयुष राज्यमंत्री धर्म सिंह सैनी, खेल और युवा कल्याण राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी, एमएसएमई राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, वक्फ मंत्री मोहसिन रजा, बलदेव सिंह औलख, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।