सीएए और एनआरसी के खिलाफ घंटाघर पर तीन दिनों से लगातार प्रदर्शन चल रहा है। ठाकुरगंज पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शायर मुनव्वर राना की दो बेटियों सहित 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ठाकुरगंज थाने में तीन अलग-अलग मुकदमों में यह कार्रवाई की गई है। जिसमें रास्ता जामकर प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल करने, धारा 144 का उल्लंघन व बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, समाजवादी पार्टी की छात्र नेता पूजा शुक्ला को हाउस अरेस्ट किया गया है। वह घंटा घर में चल रहे प्रदर्शन में लगातार शामिल हो रही थीं। उन्हें हाउस अरेस्ट करने के साथ ही पुलिस ने उनके घर के बाहर गली में डेरा डाल लिया है। पूजा शुक्ला ने बताया कि उन्हें प्रदर्शन में जाने से रोका जा रहा है।
इसके पहले सोमवार को ठाकुरगंज थाने में सुमैय्या राना, फैजिया राना, रुखसाना, शफी फातिहा समेत 10 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा महिला आरक्षी ज्योति कुमारी ने दर्ज कराया है। सुमैय्या राना व फैजिया राना मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटियां है। सब इंस्पेक्टर सेठ पाल सिंह व सिपाही विक्रांत कुमार की तहरीर पर दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। जिसमें लईक अमहद, नसरीन जावेद, मोउद्दीन, रसूख अहमद, शवी फामिता, शाफिया हाफिजा, राफिया, नाजनीन, इरफाना, राजिया, रेहाना, नूर बानो, कौशर, फिरदौस, अफरोज, पूजा, फरीन बानो समेत करीब 125 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया हैं।
एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक शनिवार रात को डिफेंस एक्सपो, गणतंत्र दिवस व अन्य विशेष समारोहों को देखते हुए राजधानी के कमिश्नरी क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया गया है। ऐसे में घंटाघर पर चल रहा प्रदर्शन पूरी तरह से अवैधानिक हो गया है। पुलिस लोगों को प्रदर्शन खत्म करने की अपील कर रही है, लेकिन प्रदर्शनकारी प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार को ठाकुरगंज में धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।