लखनऊ। आशियाना सेक्टर-ई निवासी व्यापारी अभिषेक शर्मा ने आजमगढ़ के किशुनदासपुर निवासी विवेक राय, उसके भाई अभिषेक और अमरजीत मौर्या पर 1.60 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। बिजनौर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अभिषेक शर्मा का बिजनौर के ओमेक्स सिटी में बिजली उपकरणों का शोरूम है। वर्ष 2024 में विवेक और अभिषेक उनसे खरीदारी के लिए आते-जाते थे। उन्होंने व्यापारी का भरोसा जीता और अमरजीत के कारोबार में निवेश का लालच दिया। अभिषेक शर्मा ने जून 2024 से अक्तूबर 2024 के बीच 1.60 करोड़ रुपये दिए। यह रकम उन्होंने पिता का मकान बेचकर और जीजा से उधार लेकर जुटाई थी। आरोप है कि तीनों ने रकम हड़प ली। रकम वापस मांगने पर हत्या की धमकी दी। उन्होंने जेसीपी एलओ से शिकायत की। इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाया गया है और तफ्तीश की जा रही है।