लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में सोमवार सुबह दो बदमाशों ने सार्वजनिक नल पर नहा रहे व्यापारी पर हमला किया और 70 हजार रुपये लूट कर भाग निकले। वारदात का शिकार बना व्यापारी डेढ़ किमी तक उनके पीछे दौड़ा और राहगीरों की मदद से एक बदमाश को धरदबोचा। उसके कब्जे से 34500 रुपये बरामद हुए।
शेष रकम लेकर दूसरा बदमाश भाग निकला। लूट की सूचना पर आठ मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को हिरासत में लेकर दूसरे की तलाश शुरू की। सीतापुर के महमूदाबाद के रहने वाले मो. जहीर ने बताया कि तीन दिन पहले उसने जानकी विहार कॉलोनी में तिवारीपुर नहरिया के पास सीमेंट-बालू की बिक्री का काम शुरू किया था।
वह सुबह बालू की ट्रॉली का इंतजार कर रहा था। इस दौरान सार्वजनिक नल पर नहाने गया। जेब में 70400 हजार रुपये निकाल कर रुमाल में लपेटे और शर्ट उतारने लगा। इस दौरान जींस शर्ट पहने दो बदमाश आ धमके। एक बदमाश को नोटों से भरा रुमाल झपटते देख जहीर ने विरोध किया। दूसरे बदमाश ने हमला करके उसे गिराया और रकम लेकर दोनों बदमाश भाग निकले।