विधानभवन के सामने आत्मदाह का प्रयास करता परिवार
- फोटो : amar ujala
बाराबंकी निवासी फर्नीचर कारोबारी नसीर ने परिवार समेत सोमवार को विधानभवन के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और बाराबंकी पुलिस से कार्रवाई की बात कर घर भेजा। पीड़ित का आरोप है कि उसकी दुकान में तोड़फोड़ व आग लगाने के आरोपियों को बाराबंकी पुलिस बचाने में जुटी है।
बाराबंकी कोतवाली इलाके में नसीर, पत्नी नाजिया व तीन बच्चों संग रहते हैं। सोमवार सुबह वे परिवार सहित विधानभवन के सामने पहुंचे और तेल उड़ेलकर आत्मदाह करने की कोशिश की। गनीमत रही कि हजरतगंज पुलिस ने पूरे परिवार को बचा लिया।
नसीर का आरोप है कि इलाके के दबंग प्रदीप मौर्या ने सालभर पहले स्थानीय पुलिस की सरपरस्ती में उनकी दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। इससे उनका काफी नुकसान हुआ। यही नहीं, इसके बाद दबंग उसे कारोबार नहीं करने दे रहा है।
नसीर के मुताबिक, उसने अग्निकांड के संबंध में मुकदमा भी दर्ज कराया, लेकिन कोतवाली पुलिस प्रदीप को बचाने में जुटी है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की थी, वहां से जांच के आदेश को स्थानीय अधिकारियों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। नौबत अब घर की आ गई है। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज राधारमण सिंह के मुताबिक, दंपती व उनके बच्चों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से देर शाम उन्हें छुट्टी दे दी गई।