अब लखनऊ से दिल्ली के लिए परिवहन निगम की बसों से यात्रा करना 14 रुपये तक कम हो जाएगा। जल्दी ही आनंद विहार बस टर्मिनल के सामने बने कौशांबी बस अड्डे से लखनऊ के लिए बसें चलाई जाएंगी, जिससे किराया कम हो जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को निगम मुख्यालय पर हुई समीक्षा बैठक में हुआ।
प्रबंध निदेशक पीगुरु प्रसाद ने आनंद विहार बस टर्मिनल से बसों की पार्किंग खत्म कर साधारण बसों को कौशांबी बस स्टेशन से चलाने के निर्देश दिए हैं। इस बस अड्डे से दिल्ली से झांसी, इलाहाबाद, गोरखपुर, आजमगढ़, कानपुर, उरई और लखनऊ के लिए वाया बरेली बसें चलाई जाएंगी।
वहीं रोडवेज की बसों से जल्द प्रदेश के 22 हजार गांव जुड़ जाएंगे। परिवहन निगम मुख्यालय पर शुक्रवार को प्रबंध निदेशक पीगुरु प्रसाद की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस पर प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा गया। एमडी ने जल्द ही बसों का इंतजाम करने के लिए भी कहा है, ताकि ग्रामीणों को अच्छी व सुलभ रोडवेज बस सेवा उपलब्ध कराई जा सके। बताते चलें कि इस वर्ष करीब पांच हजार गांव बस सेवा से जुड़ चुके हैं। अगले वर्ष मार्च तक जिन गांवों का चयन हुआ है, वहां बस सेवा शुरू करने के लिए बैठक बुलाई गई थी।