मायावती का बंगला शिवपाल सिंह यादव को देने के बाद योगी सरकार अब अपना दल (सोनेलाल) के अध्यक्ष व एमएलसी आशीष पटेल पर मेहरबान हुई है। सरकार ने आशीष को वीवीआईपी इलाके माल एवेन्यू में बंगला नंबर-1ए दिया है। पहले यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री की हैसियत से एनडी तिवारी के पास था, जिसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खाली कराया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्रियों के बंगले पाने वालों में अपना दल (एस) के अध्यक्ष आशीष पटेल का नाम भी जुड़ गया है। दिवाली से पहले आशीष पटेल को बंगला देना लोकसभा चुनाव से पहले सरकार की ओर से सहयोगी दलों को खुश रखने की कवायद मानी जा रही है।
दिलचस्प बात यह है कि सरकार में सहयोगी सुभासपा के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर भी बड़े सरकारी बंगले के लिए दावेदारी कर रहे हैं पर उनके बागी तेवरों को देखते हुए उनकी मांग को तवज्जो नहीं दिया जा रहा है।
राज्य संपत्ति अधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने एमएलसी आशीष पटेल को माल एवेन्यू में बंगला देने के आदेश दिए हैं साथ ही पूर्व में गोमतीनगर के विभूति खंड में आवंटित आवास निरस्त कर दिया है।
अपना दल (एस) ने सरकार से लखनऊ में कार्यालय आवंटित करने का अनुरोध किया था। ऐसे में सरकार ने कार्यालय तो नहीं पर बड़ा बंगला जरूर दिया है, जिसमें वह पार्टी के संगठनात्मक कार्यकलापों का भी संचालन कर सकेंगे। आशीष पटेल ने बंगला नंबर-1ए माल एवेन्यू आवंटित करने की पुष्टि की है।