लखनऊ। महेश नमकीन कंपनी के निदेशक कमल चावला ने दबंगों पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। मामले में कृष्णानगर पुलिस ने चार नामजद और 35 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
रामगढ़ कॉलोनी निवासी कमल चावला के मुताबिक 2009 में लक्ष्मी नारायण गोविल से अलीनगर सुनहरा में जमीन खरीदी थी। 21 अक्तूबर को वह जमीन पर काम करा रहे थे। तभी वीर यादव व अभय सिंह अपने 12 साथियों के साथ आ धमके और गाली-गलौज करने लगे। जमीन अपनी बताते हुए गार्डों को पीटा और धमकाकर चले गए।
कमल के मुताबिक, अगले दिन सुबह छह बजे प्रमोद, शैलेश कुमार, वीर यादव, अभय सिंह और 35 अज्ञात लोग फिर जमीन पर आ गए। जेसीबी से बाउंड्री गिरा दी। विरोध पर गार्डों को पीटकर भगा दिया। हालांकि, पुलिस ने आरोपियों को रोक लिया। दीवार तोड़ने का कारण पूछने पर आरोपियों ने हत्या करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक तफ्तीश की जा रही है।