बाइक से टकराई बुलेट, जन्मदिन पर युवक की मौत
लखनऊ। वृंदावन सेक्टर-18 नहर रोड पर शनिवार दोपहर में बुलेट की टक्कर से बाइक सवार संदीप कुमार (20) की मौत हो गई। हादसे के वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर पर लगी चोट घातक साबित हुई। सिर के पीछे चोट लगी थी। शनिवार को संदीप का जन्मदिन था।
वृंदावन सेक्टर-7 निवासी संदीप के घरवालों ने बताया कि वह बहन सविता को छोड़ने कृष्णानगर गए थे। वहां से किसी काम से मोहनलालगंज गए थे। लौटते समय नहर रोड पर दीनदयाल पार्क के पीछे वाली सड़क पर सामने से बुलेट की टक्कर हुई थी। स्थानीय लोगों की मदद से संदीप को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। संदीप एक निजी दुकान पर काम करते थे। घरवाले घर पर जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहे थे। संदीप की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं।