अमेठी सिटी। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर पर संसद में की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को बसपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने प्रदर्शन कर केंद्रीय गृहमंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर बसपा पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
पार्टी नेतृत्व के आह्वान पर बसपा के अयोध्या मंडल प्रभारी अभिषेक गौतम और जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार की अगुवाई में जिला मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिला मुख्यालय की सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां डीएम की अनुपस्थिति में एसडीएम दिग्विजय सिंह ज्ञापन लेने पहुंचे। पदाधिकारी व कार्यकर्ता डीएम को ही ज्ञापन देने की जिद पर अड़ गए। काफी देर बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एससी, एसटी आदि बहुजनों के मसीहा हैं। उन पर केंद्रीय गृहमंत्री की ओर से की गई टिप्पणी असंवेदनशील व जातिवादी मानसिकता को प्रदर्शित करती है, जिससे बहुजन समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। सभी वर्गों में इसको लेकर रोष है। बाबा साहब का इस तरह का अपमान स्वीकार नहीं होगा। पदाधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाए जाने की मांग की है।
इस दौरान भारतीय बौद्ध महासभा उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष गौरीशंकर, जिला महामंत्री केपी सविता, रामफल फौजी की अगुवाई में बाबा साहब पर की गई टिप्पणी के संबंध में ज्ञापन देकर विरोध जताया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात रही। प्रदर्शन में बसपा मंडल प्रभारी अयोध्या नन्हे सिंह चौहान व छोटेलाल मौर्य, जिला प्रभारी दिनेश कुमार, विजय गौतम, विजय प्रजापति व राम अभिलाष बौद्ध, डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कमल, संजय कुमार, ज्योति वर्मा, पूनम भारती, कुल रोशन आदि मौजूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता । संवाद