केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियों के खिलाफ यूपी में 27 अप्रैल और अन्य राज्यों में शनिवार को आंदोलन करने के बाद बसपा ने हर महीने इसी तरह के आंदोलन की योजना बनाई है।
यूपी छोड़कर बाकी राज्यों में अगले महीने से माह की 21 तारीख को धरना-प्रदर्शन का निर्देश दे दिया गया है। यूपी में आंदोलन के अगले चरण का ऐलान बाद में होगा।
बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव के खिलाफ तथा केंद्र व राज्यों की सरकारों की किसान व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी ने 27 अप्रैल को यूपी के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया।
बाकी राज्यों में प्रदेश स्तर पर शनिवार को धरना-प्रदर्शन हुए। बसपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि बसपा सुप्रीमो ने दूसरे चरण के आंदोलन की रणनीति बना ली है। उनके निर्देश पर हर महीने की 21 तारीख को इन्हीं बिंदुओं पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।