गोरखपुर से गोंडा आ रही खाली मालगाड़ी के दो डिब्बे शनिवार तड़के 3.30 बजे स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन पर ट्रैक से उतर गए। इससे 9 घंटे तक गोरखपुर से गोंडा के रास्ते लखनऊ जाने वाली ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से बाधित रहा।
डीआरएम अनूप कुमार ने प्रथमदृष्टया दोषी मानते हुए सिग्नल व ऑपरेटिंग विभाग के चार लोगों को निलंबित कर दिया है। हादसे की जांच के लिए वरिष्ठ मंडल संरक्षा प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक व वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार की तीन सदस्यीय टीम का गठन कर डीआरएम ने तीन दिन में रिपोर्ट तलब की है।
लूप लाइन पर आगे बढ़ते ही धंस गई इंटरलॉकिंग
मालगाड़ी को छपिया रेलवे स्टेशन से लूप लाइन पर खड़े होने का सिग्नल मिला। पर लूप लाइन पर आगे बढ़ते ही ट्रैक की इंटरलॉकिंग धंस गई। इससे दो डिब्बे पटरी से उतर गए और उनका चक्का अलग हो गया।
इन पर गिरी गाज: छपिया रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ज्ञान सिंह, सिग्नल इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह, इलेक्ट्रिक सिग्नल का मेंटीनेंस करने वाले मनमोहन सिंह व पवन भट्ट को निलंबित किया गया है।