बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
बसपा नेताओं ने सीएम से सहारनपुर हिंसा को लेकर सख्त कदम उठाने, पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती की सहारनपुर यात्रा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा न दिए जाने की शिकायत भी की।
बसपा सुप्रीमो ने मंगलवार को सहारनपुर से लौटने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मिश्र के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलने के लिए अधिकृत किया था। इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष लालजी वर्मा, बसपा के प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर व पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज शामिल किए गए। इस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार शाम एनेक्सी में योगी से मुलाकात की।
जिसके बाद लालजी वर्मा ने कहा, भीम आर्मी का बसपा से कोई संबंध नहीं है। बसपा के सिर्फ दो संगठन है। एक बसपा व दूसरा बहुजन समाज पार्टी वालंटियर फोर्स। उन्होंने कहा, हो सकता है कि कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर की जयंती मनाने के लिए कोई सामाजिक संगठन बना लिया हो, लेकिन इसका बसपा से कोई संबंध नहीं है।
मुख्यमंत्री से की ये शिकायतें
लालजी वर्मा व सतीश चंद्र मिश्रा
- फोटो : amar ujala
वहीं, मिश्र ने सीएम को बताया कि मायावती के सहारनपुर यात्रा के लिए वहां के डीएम व एसएसपी से शब्बीरपुर गांव के पास हेलीपैड बनाने की अनुमति देने की मांग की थी। पर, इन अधिकारियों ने यह कहकर इजाजत देने से इन्कार कर दिया कि इसके लिए मुख्यमंत्री से अनुमति लेनी पड़ेगी।
इसके बाद मायावती को सड़क मार्ग से वहां जाना पड़ा, लेकिन उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि मायावती वहां बिगड़े माहौल को सुधारने व भाईचारा बनाने की अपील करने गई थीं, लेकिन जिला प्रशासन ने माहौल सुधारने के बजाय बिगाड़ने की योजना बना रखी थी।
जिससे मायावती के लौटने के बाद हिंसा भड़की। इससे दलित परिवारों में असुरक्षा का माहौल है। नेताओं ने सीएम से स्थिति को सामान्य बनाने के लिए तेजी से कदम उठाने और जानमाल का नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही उनकी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने की भी मांग की गई। वहीं, हमले में हुए घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
मिश्र ने बताया कि योगी ने कहा कि वहां सौहार्द कायम करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
सरकार के मंत्रियों द्वारा घटना के पीछे बसपा की भूमिका पर सवाल उठाने से जुड़े प्रश्न पर मिश्र ने कहा कि कौन से मंत्री क्या कह रहे हैं, इस पर चर्चा नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि हम बात बढ़ाने के लिए नहीं आए हैं। जो ऐसा कह रहे हैं वे बात बढ़ाना चाहते हैं।