पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन समारोह में बसपाइयों ने खुलेआम अत्याधुनिक असलहों का प्रदर्शन किया। मंच से सपा सरकार को कानून-व्यवस्था का पाठ पढ़ाने वाले बसपा नेता पुलिस की मौजूदगी में जिले में लागू धारा 144 का उल्लंघन करते देखे गए। पुलिस के अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं।
शासन-प्रशासन की तमाम सख्ती के बावजूद शायद ही किसी दल का कोई राजनीतिक कार्यक्रम ऐसा हो जिसमें असलहों का प्रदर्शन न होता है। असलहों के प्रदर्शन को स्टेटस सिंबल मान बैठे तमाम नेता इससे परहेज नहीं कर पा रहे हैं। कानून के रखवाले भी इसका सख्ती से अनुपालन नहीं करा पा रहे हैं।
गुरुवार को तिकोनिया पार्क में मनाए गया बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन समारोह में एक बार फिर ऐसा नजारा दिखा। मंच पर बसपा नेताओं ने समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर हमला बोला लेकिन अपने गिरेबां में झांकने की जरूरत नहीं समझी।