बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी करने वाली भाजपा विधायक साधना सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के लिए बसपा नेता राम चंद्र गौतम ने चंदौली के बबुरी थाने में तहरीर दी है।
रामचंद्र गौतम ने दी गई तहरीर में कहा है कि मायावती पर की गई टिप्पणी सिर्फ बहन जी (मायावती) का ही नहीं बल्कि पूरे दलित समाज की नारियों का अपमान है। इसलिए जरूरी है कि साधना सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
साधना सिंह मुगलसराय से विधायक हैं। शनिवार को उन्होंने मायावती पर अशोभनीय टिप्पणी करते हुए गेस्ट हाउस कांड का जिक्र किया था। हालांकि, रविवार को उन्होंने लिखित तौर पर माफी मांग ली है, लेकिन ये मामला जल्द खत्म होता नहीं दिख रहा है।
साधना सिंह ने पत्र में लिखे माफीनामा में कहा कि मेरा मकसद किसी का अपमान करना नहीं था, बल्कि गेस्ट हाउस कांड में भाजपा ने जो मायावती की मदद की थी उसे याद दिलाना था। अगर मेरे शब्दों से किसी को कष्ट हुआ है तो मैं खेद प्रकट करती हूं।