बसपा सुप्रीमो मायावती ने भारतीय सेना द्वारा पीओके में की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना की प्रशंसा की पर इसे सरकार द्वारा देरी से उठाया गया कदम बताया।
बसपा कार्यालय द्वारा जारी किए गए अपने बयान में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सीमा के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक कर सेना ने देश से किया अपना वादा निभाया, जिसके लिए सेना बधाई की पात्र है।
वहीं, मायावती ने सरकार की यह कहकर आलोचना की है कि यह मोदी सरकार द्वारा देर से उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि अगर पठानकोट हमले के बाद भी सरकार ऐसी कार्रवाई सेना को करने के लिए कहती तो 18 सितंबर को उड़ी में शहीद हुए जवानों की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने मोदी सरकार से अपील की कि सरकार सेना को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करे और देश की सीमाओं को और सुरक्षित किया जाए, जिससे कि देश की अखण्डता को कोई खतरा न पैदा हो।