वसूली के लिए शिक्षकों को निलंबित करने वाले सुल्तानपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कौस्तुभ कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मुजफ्फरनगर के बीएसए रहते उन्होंने गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के साथ ही गबन भी किया था। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर यह कार्रवाई की गई है।
शासन ने मुजफ्फरनगर के तत्कालीन बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की जांच अपर जिलाधिकारी, प्रशासन से कराई थी। साथ ही अन्य अनियमितताओं की जांच परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, मुजफ्फरनगर से कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में उनके खिलाफ गंभीर मामले मिले हैं। उन्होंने रेलवे की एसी तृतीय श्रेणी में मुजफ्फरनगर से लखनऊ के बीच पांच यात्राएं कीं, लेकिन यात्रा भत्ता एसी द्वितीय श्रेणी का लिया।
उन्होंने जिलाधिकारी, मुजफ्फरनगर से मौखिक अनुमति लेकर सड़क मार्ग से काठमांडु की विदेश यात्रा की। यात्रा भत्ता के फर्जी बिल बनाकर 36050 रुपये की राशि भी ली। जबकि, न तो डीएम को उनकी एलटीसी स्वीकृत करने का अधिकार था और न ही वह एलटीसी पाने के हकदार थे। क्योंकि, तब तक इनकी सेवा मात्र दो वर्ष की ही हुई थी। शासन ने इसे गबन की श्रेणी में माना है।