लखनऊ। जानकीपुरम स्थित जनेश्वर एन्क्लेव निवासी प्रियांशु शर्मा ने 13 लोगों पर उन्हें व छोटे भाई मधुर को बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है। आरोपियों पर चेन और दस हजार रुपये लूटने का भी आरोप है। गुडंबा पुलिस ने बृहस्पतिवार को 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु एक भाजपा विधायक के भतीजे हैं।
प्रियांशु के मुताबिक बुधवार को उन्हें गुडंबा स्थित मायापुरी कॉलोनी निवासी दोस्त आनंद पांडेय ने घर पर मिलने के लिए बुलाया था। वह देर शाम छोटे भाई के साथ दोस्त के घर पहुंचे थे। आरोप है कि यहां उनकी आनंद व उसके पिता नंद कुमार पांडेय से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि आनंद ने अपने परिचित प्रवीण पांडेय और 12 अन्य को भी बुला लिया। आरोप है कि सभी ने उन्हें व उनके भाई को बुरी तरह से पीट दिया। आरोप है कि प्रवीन ने उनके सिर पर बंदूक लगा कर हत्या करने की धमकी दी। किसी तरह से प्रियांशु ने पुलिस को मोबाइल के जरिये अपनी लोकेशन भेजी। पुलिस ने उन्हें छुड़ा लिया, जबकि आरोपी भाग निकले। इंस्पेक्टर प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक दोनों पक्षों में लेनदेन का विवाद चल रहा है। इस कारण मारपीट हुई थी। मामले की विवेचना चल रही है।