राजधानी के ब्राइटलैंड स्कूल में छात्र पर हुए जानलेवा हमले के बाद गुरुवार को स्कूल के प्रिंसिपल रचित मानस और उसके भाई रोहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं आज सीएम योगी ने घायल छात्र से ट्रामा सेंटर में मुलाकात की।
घटना की जानकारी होने के बाद से स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावक दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं पुलिस लगातार छात्रा से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा कई बार घर से भाग चुकी थी और ब्लू व्हेल गेम भी खेलती रही है। उसके हाथ पर कट के निशान पाए गए थे।
बता दें कि मंगलवार को राजधानी के अलीगंज स्थित ब्राइटलैंड स्कूल में जूनियर की एक छात्रा ने कक्षा एक छात्र रितिक शर्मा को बाथरूम में ले जाकर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। स्कूल प्रशासन इस मामले को एक दिन तक दबाये रहा। घायल छात्र को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। छात्र ने छात्री की पहचान करने के साथ पूरा वाक्या भी पुलिस को बताया।
पिछले साल गुरुग्राम स्कूल में हुई छात्र की हत्या की तरह मंगलवार को हुई इस वारदात ने एक बार फिर से स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्कूल प्रशासन के रवैये से अभिभावक काफी नाराज थे। घटना के एक दिन बाद पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद इस बात का खुलासा हुआ था।