शाखा डाकपाल पर तीन लाख के गबन का केस
लखनऊ। सरोजनीनगर थाने में पिपरसंड शाखा डाकघर के डाकपाल रौनक शुक्ला के खिलाफ तीन लाख के गबन की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पश्चिमी उपमंडल अतिरिक्त प्रभार दक्षिणी के सहायक अधीक्षक डाकघर हरिहरनाथ मणि त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
हरिहरनाथ के मुताबिक 24 जनवरी को विभागीय सॉफ्टवेयर में पिपरसंड शाखा की जांच की गई थी। इसमें तीन लाख रुपये का गबन मिला था। जांच में पता चला कि डाकपाल रौनक ने खाताधारक मुन्नी देवी और आशा देवी के खातों से टुकड़ों में 2.60 लाख रुपये निकाले थे।
इसी तरह आरोपी ने और 40 हजार रुपये गबन कर लिए। पूछताछ करने पर आरोपी ने वारदात स्वीकार ली। आरोपी से 1.83 लाख वसूल लिए गए और उसे निलंबित कर दिया गया। मामले की शिकायत पिपरसंड के ग्राम प्रधान राम नरेश पाल ने एक मार्च को तहसील में की थी। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति के मुताबिक मामले की तफ्तीश चल रही है।