सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में मंगलवार सुबह 12 वर्षीय मानस तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। वह डंपर के नीचे फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। बंथरा बाजार निवासी श्रमिक मंदौस थारू का बेटा मानस सुबह करीब सात बजे शौच के लिए जा रहा था। बंथरा-उम्मेदखेड़ा रोड पर यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने डंपर चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मानस को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक सरोजनीनगर के पिनवट निवासी महेंद्र रावत से पूछताछ की जा रही है। मानस के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसके परिवार में मां रन्नो और तीन बहनें मनु, मानसी व सरिता हैं।