यूपी के सतांव (रायबरेली) के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बांदा-बहराइच राजमार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही फतेहपुर डिपो की बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। सूचना पर बछरावां पुलिस ने घेराबंदी कर बस को रोक लिया।
चालक पुलिस हिरासत में है। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे। खीरों गांव निवासी इंद्रेश (22) पुत्र रामनरेश किसी काम से बछरावां गया था।
देर शाम वह छोटे भाई राज (18) के साथ घर लौट रहा था। राज बाइक चला रहा था। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर बींझ और ताला गांव के बीच में भोजपुर की तरफ से लखनऊ जा रही फतेहपुर डिपो की बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर गुरुबख्शगंज पुलिस पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इंद्रेश ने दम तोड़ दिया।
उधर, बछरावां एसओ बीएन शुक्ला का कहना है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद बस लखनऊ जा रही थी। वायरलेस की सूचना पर बस को रोक लिया गया। बस फतेहपुर डिपो की है।