रामप्रस्थ होटल के लक्ष्मीकांत पांडेय का कहना है कि इस तरह के आयोजन से होटल व्यवसाय की प्रगति होगी। वहीं रामश्याम के मैनेजर विजय पांडेय ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि रामनगरी में यह पहला अवसर है जब बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग हुई है।
हमारा प्रयास होगा कि उन्हें बेहतर व्यवस्था दी जाए ताकि अयोध्या के होटल व्यवसाय को पंख लग सके। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल का कहना है कि इस तरह के आयोजन होने से बड़े व्यवसायी अयोध्या की तरफ आकर्षित होंगे और थ्री स्टार, फाइव स्टार होटल भी बनेंगे।
कहा कि विहिप व संघ के तमाम कार्यक्रम पहले भी होते रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकर्ता मठ-मंदिरों एवं धर्मशालाओं में रुकते हैं। शिवसेना के इस कार्यक्रम में शहर के सभी होटल बुक कराए जा चुके हैं। कहा कि यह अच्छा संकेत है, इससे शहर के होटल व्यवसाय की तरक्की का मार्ग प्रशस्त होगा।
विहिप की ओर से 25 नवंबर को होने जा रही धर्मसभा में एक लाख से अधिक रामभक्तों के आगमन का दावा किया जा रहा है। जिनके रहने, खाने आदि की व्यवस्था करने मे विहिप जुट गई है। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए रामनगरी के विभिन्न मठ-मंदिरों, धर्मशालाओं, स्कूलों को चिह्नित किया जा रहा है।
विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा बताते हैं कि धर्मसभा में आसपास के जिलों से रामभक्त आ रहे हैं। ज्यादातर रामभक्त धर्मसभा में शामिल होने के बाद वापस चले आएंगे।
जबकि विभिन्न प्रांतों से आ रहे विहिप, संघ, बजरंग दल आदि के कार्यकर्ताओं के आवास, भोजन का प्रबंध किया जा चुका है। कारसेवकपुरम सहित विभिन्न मठ-मंदिरों में कार्यकर्ता ठहरेगें।