फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरयू तट पर बॉलीवुड के स्टार कलाकार करेंगे रामलीला, नहीं आ सकेंगे दर्शक, यू ट्यूब व सोशल मीडिया पर होगा प्रसारण

Wed, 16 Sep 2020 09:05 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नवरात्र में बॉलीवुड के स्टार कलाकारों की ओर से मंचित होने वाली रामलीला की तैयारी तेज हो गई है। दिल्ली से रामलीला मंचन को लेकर मां फाउंडेशन के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने मंगलवार को लोकेशन देखी। साथ ही राम व सीता समेत कई प्रमुख पात्रों का अभिनय करने वाले दिग्गज कलाकारों के नाम भी सार्वजनिक किए। 
विज्ञापन


रामलीला मंचन के लिए लक्ष्मण किला स्थित सरयू तट का चयन किया गया है। साथ ही कोरोना संक्रमण के कारण इसे यू ट्यूब समेत सोशल मीडिया के जरिए घर-घर प्रसारित करने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। रामलीला 17 से 25 अक्तूबर तक होगी।

मां फाउंडेशन, अयोध्या रामलीला कमेटी दिल्ली के अध्यक्ष व प्रोड्यूसर सुभाष मलिक ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते दर्शक इसे प्रत्यक्ष नहीं देख सकेंगे। वह इसे यू ट्यूब व अन्य सोशल मीडिया साइट पर लाइव देख सकेंगे। इस रामलीला का मंचन 17 से 25 अक्तूबर तक अयोध्या के लक्ष्मण किला स्थित सरयू तट पर किया जाएगा। 
विज्ञापन


हमारी रामलीला कमेटी की तीन सदस्यीय टीम ने अयोध्या पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मण किला के महंत आचार्य मैथिली रमण शरण से भी मुलाकात की और तैयारियों से उन्हें अवगत कराया। महंत ने उन्हें हर संभव सहयोग करने का वादा किया।
 

राम बनेंगे सोनू नागर तो सीता की भूमिका में नजर आएंगी कविता जोशी

रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष वीपी टंडन ने बताया कि इस रामलीला में बॉलीवुड के नामी गिरामी कलाकार भाग लेंगे। भोजपुरी फिल्म स्टार व सांसद मनोज तिवारी अंगद की भूमिका में तो गोरखपुर के सांसद रवि किशन भरत की भूमिका में नजर आएंगे। 

फिल्म स्टार बिंदु दारा सिंह हनुमान की भूमिका में तो प्रसिद्ध हास्य अभिनेता असरानी नारद मुनि की भूमिका में नजर आएंगे। बताया कि फिल्म स्टार रजा मुराद अहिरावण के रूप में, शाहबाज खान रावण की भूमिका में, अभिनेत्री रितु शिवपुरी कैकई के किरदार में होंगी। 

अभिनेता राकेश बेदी विभीषण के किरदार में नजर आएंगे। राम की भूमिका में सोनू नागर तो सीता की भूमिका में कविता जोशी नजर आएंगी। इसके अलावा कई बड़े फिल्म स्टार जैसे अवतार गिल, राजेश पुरी भी विभिन्न किरदार में नजर आएंगे। 

यू-ट्यूब व अन्य सोशल मीडिया पर होगा सीधा प्रसारण
अयोध्या की इस शानदार रामलीला के मंचन में दर्शकों को आने की स्वीकृति बिल्कुल नहीं है। रामलीला को सिर्फ सैटेलाइट चैनल्स, यू-ट्यूब चैनल और अन्य सोशल मीडिया पर ही देखा जा सकेगा। इसे 17 से 25 अक्तूबर तक रोजाना शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक दिखाया जाएगा। इस रामलीला का मंचन लक्ष्मण किला सरयू नदी तट पर होगा।
विज्ञापन

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा न्योता

रामलीला के प्रोड्यूसर व कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि फिल्मी कलाकारों द्वारा की जाने वाली इस रामलीला को देखने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण भेजा जाएगा।

मां फाउंडेशन अयोध्या रामलीला कमेटी दिल्ली इन सभी को उद्घाटन समारोह में भाग लेने का अनुरोध करेगी। बताया अब प्रति वर्ष इस रामलीला का मंचन किया जाएगा। बताया कि इस रामलीला मंचन में 22 फिल्मी कलाकार व 30 लोगों की टेक्निकल टीम शामिल होगी।

प्रशासन से ली जाएगी अनुमति
इस रामलीला मंचन के लिए अभी प्रशासन से अनुमति मांगने की तैयारी की गई है। अयोध्या शोध संस्थान इस रामलीला मंचन में अपना सहयोग दे रहा है, इसके माध्यम से ही प्रशासन से अनुमति मांगने की तैयारी की गई है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें