लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में रविवार सुबह लापता श्रमिक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। घरवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
छत्तीसगढ़ के भाड़ा पारा के रहने वाले श्रमिक शंकर लाल साहू (22) गोमतीनगर विस्तार के शालीमार स्थित वन वर्ल्ड के पास रहते थे। उनकी मां सावित्री ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:00 बजे बेटे के पास किसी दोस्त की कॉल आई थी। इसके बाद वह पैदल घर से निकल गया, पर लौटा नहीं। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ भी पता नहीं चला। सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने कॉल कर खरगापुर रेलवे पुल के नीचे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी दी। आननफानन घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने शव की शिनाख्त बेटे शंकर के रूप में की।
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी के मुताबिक घरवालों से पूछताछ में पता चला है कि शंकर घरेलू समस्याओं के कारण परेशान रहते थे। आशंका है कि उन्होंने ट्रेन से कटकर जान दे दी। घरवाले तहरीर देते हैं तो जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।