सरोजनीनगर। बंथरा के लोनहा गांव में बुधवार को स्मिता शर्मा उर्फ निधि (25) का शव कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
उन्नाव के हसनगंज निवासी स्मिता की करीब डेढ़ वर्ष पहले अतुल से शादी हुई थी। अतुल अमौसी स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार शाम वह दशहरा मेला देखने गया था और रात में घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह लौटने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद अतुल ड्यूटी पर चला गया। कुछ देर बाद अतुल की चाची स्मिता को बुलाने कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो स्मिता का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि स्मिता ने चार माह पहले पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत भी की थी। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।