दुबग्गा। पारा के डॉक्टर खेड़ा में सोमवार शाम गोरिल्ला पार्क के पास स्थित तालाब में युवक का शव मिला। पुलिस को उसके पास से रायबरेली के लालगंज निवासी धीरज का आधार कार्ड मिला।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आधार कार्ड के जरिये धीरज के भाई नितिन को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई तो उन्होंने पहचानने से इन्कार कर दिया। बाद में जांच में पता चला कि शव रजानगर कॉलोनी निवासी सागर सिंह (24) का था। सागर के पिता इंद्रजीत सिंह ने शव की पहचान की। पुलिस को घटनास्थल से हुक्का और नशे की अन्य सामग्री भी मिली। परिवार वालों ने बताया कि सागर नशे के आदी थे। वहीं, नितिन ने भी भाई के कई दिन से गुमशुदा होने की जानकारी दी।
एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया दोनों के घरवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर सागर के पास धीरज का आधार कार्ड कैसे आया।