लखनऊ। सआदतगंज कोतवाली में तैनात एक दरोगा की प्रॉपर्टी डीलर से बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में पुलिस पर 20 हजार रुपये लेने के बाद भी परेशान करने की बात कही है। एसीपी बाजारखाला ने इस ऑडियो की जांच कराने की बात कही है। वहीं, सआदतगंज इंस्पेक्टर बृजेश कुमार यादव का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए प्रॉपर्टी डीलर ने ये सब किया है।
सआदतगंज निवासी मोहम्मद मोईन ने 23 जनवरी को सआदतगंज के ही मोमिननगर में रहने वाले प्रापर्टी डीलर मोहम्मद आसिफ के खिलाफ गाड़ी में तोड़फोड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले को लेकर सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर आसिफ और अंबरगंज चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार यादव के बीच बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में आसिफ कह रहा है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया और इसके लिए उसने पुलिस को 20 हजार रुपये भी दे दिए। इसके बावजूद पुलिस उसके घर जाकर परेशान कर रही है। आसिफ ने पुलिस पर बेवजह प्रताड़ित करने की बात कही है। इस ऑडियो के बारे में एसीपी बाजारखाला अनिल यादव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
वहीं, सआदतगंज इंस्पेक्टर बृजेश कुमार यादव ने बताया कि आसिफ पर दर्ज मामले में नोटिस तामील कराने के लिए पुलिस उनके घर गई थी। इसके बाद ही आसिफ ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए रिश्वत का झूठा आरोप लगाया है।