लखनऊ। आशियाना में बृहस्पतिवार को हुक्का बार में नशे का सेवन करते युवाओं का वीडियो बनाने पर लोगों ने भाजयुमो नेता को पीट दिया। पीड़ित ने आशियाना थाने में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आलमबाग के मवैया रोड निवासी भाजपा युवा मोर्चा के निकाय नगर मंत्री शुभम शुक्ला ने बताया कि आशियाना में एलआईसी बिल्डिंग के पास मिनिस्ट्री कैफे में हुक्का बार चलता है। बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 9:15 बजे वह दोस्त करण यादव और अश्वनी दीपांकर के साथ कैफे पहुंचे थे। यहां उन्हें कई कम उम्र के लड़के और लड़कियां हुक्का पीते दिखीं। वह उनका वीडियो बनाने लगे। नेता का आरोप है कि यह देख हुक्का बार के कर्मी प्रशांत यादव ने उनका मोबाइल छीन लिया। विरोध पर उसके साथी अभिषेक यादव, अनमोल और आदर्श ने उन्हें बुरी तरह से पीट दिया। और सारे वीडियो डिलीट करा दिए। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पिटाई की। प्रशांत ने असलहा दिखाते हुए हत्या की धमकी दी। नेता ने बताया कि वह आशियाना थाने पहुंचे और चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जब कैफे पहुंची तो उसे वहां ताला लटका मिला। इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की तफ्तीश चल रह रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।