महंगाई, मुस्लिम कट्टरपंथ और धर्मांतरण जैसे ज्वलंत सवालों पर सूबे में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को उसी के गढ़ में घेरने की भाजपा ने तैयारी की है। 13 और 14 दिसंबर को मिर्जापुर में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सपा को घेरने की रणनीति पर मंथन होगा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री कलराज मिश्र के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल सहित सूबे के लगभग सभी बड़े भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छह माह के कार्यकाल में पेट्रोल और डीजल के दाम कई बार कम हुए मगर प्रदेश में महंगाई जस की तस है। न तो बस और आटो का किराया ही कम हुआ और न ही माल ढुलाई पर ही इसका असर पड़ा। फल और सब्जियों के दाम आसमान पर हैं।
पेट्रोल और डीजल के सस्ता होने का व्यापक हित में असर नहीं हुआ। भाजपा का मानना है कि प्रदेश सरकार ने अपना टैक्स कम किया होता तो आम लोगों को राहत होती। पार्टी के सूत्र बताते हैं कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में महंगाई के सवाल पर सपा के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने की रणनीति पर चर्चा होगी।