भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ 22 से 30 जून तक आंदोलन चलाने का फैसला किया है। साथ ही केंद्र सरकार के फैसलों का श्रेय पार्टी को दिलाने में जुटने का भी निर्णय किया गया।
यह भी फैसला हुआ कि केंद्र सरकार से आने वाली सहायता संबंधित लोगों को दिलाने में भी पार्टी कार्यकर्ता जुट जाएं। प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में यह फैसले किए गए।
बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भी बातचीत हुई। साथ ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की तरफ से पदाधिकारियों को जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव क्षेत्र के निर्धारण प्रक्रिया पर गहरी नजर रखने का सुझाव दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश प्रभारी माथुर ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से जनकल्याण की कई योजनाएं शुरू की गई हैं। बताया कि प्रदेश के गन्ना किसानों को राहत देने के लिये 6000 करोड़ रुपये की मदद देते हुए बकाया भुगतान को संबंधित किसानों के जनधन खाते में जमा कराने का फैसला महत्वपूर्ण है।