फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा की हुंकार, 2017 में जीत लेंगे यूपी

Mon, 22 Jun 2015 11:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी संकल्पशक्ति के साथ एकजुट होकर मिशन- 2017 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
विज्ञापन


पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार लखनऊ आए ओम माथुर सोमवार को भाजपा मुख्यालय में अपने स्वागत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, पार्टी संगठन में दायित्व बदलते रहते हैं लेकिन कार्यकर्ता के रूप में हमारी भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहती है।

हमारा मूल उद्देश्य तभी पूरा होगा जब जनता को सपा सरकार के कुशासन से मुक्ति दिलाकर भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। उन्होंने सदस्यता अभियान के तय लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की।
विज्ञापन


कहा, लोकसभा चुनाव में अपनी संगठनात्मक भूमिका का प्रदर्शन कर चुके पार्टी कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान में भी अपनी क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया। अब जरूरी है कि महासंपर्क अभियान के जरिये पार्टी के नए बने सदस्यों से संपर्क कर उन्हें कार्यकर्ता बनाया जाए।

यूपी के 94 हजार बूथों तक पहुंचे कार्यकर्ता

माथुर ने कहा, प्रदेश में एक लाख 40 हजार बूथों में से पार्टी ने एक लाख 20 हजार बूथों पर प्रवासी कार्यकर्ता (एक जिले के कार्यकर्ता को दूसरे जिले में भेजना) की योजना बनाई। यह खुशी की बात है कि प्रदेश में 94 हजार बूथों तक प्रवासी कार्यकर्ताओं की योजना पूरी की जा चुकी है।

शीघ्र ही शेष बूथों पर भी प्रवासी कार्यकर्ता का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि हम कार्यकर्ताओं के परिश्रम से मिशन 2017 पूरा करते हुए प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाने में सफल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि सपा सरकार के कुशासन से मुक्ति दिलाकर भाजपा सरकार बनाने के लिए रणनीति एवं संगठनात्मक भूमिका तय करने में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा।

योग पर राजनीति करने वाले मानसिक विकलांग
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजय वर्गीय ने योग को लेकर राजनीति करने वालों को मानसिक रूप से विकलांग बताया। कहा, लगभग 48 मुस्लिम देशों में योग दिवस मनाया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देश में वोट के ठेकेदार योग का विरोध कर रहे हैं।

उन्होंने सपा सरकार पर केंद्रीय योजनाओं में दिलचस्पी न लेने का आरोप लगाया। कहा, प्रदेश की जनता को मोदी सरकार का लाभ पूरे तौर पर मिल सके, इसके लिए यहां भी भाजपा की सरकार बनानी होगी।
विज्ञापन

प्रदेश में झूठ और लूट की सरकार

पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर दायित्व सौंपा जाना केवल भाजपा में ही संभव है। कहा कि प्रदेश में झूठ और लूट की सरकार चल रही है।

मोदी सरकार की उपलब्धियां और अखिलेश सरकार की नाकामियां हमें मिशन 2017 का लक्ष्य पूरा करने में मददगार होंगी।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक नवननियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत किया।

संचालन प्रदेश मंत्री वीरेन्द्र तिवारी ने किया। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल,  शिवप्रताप शुक्ला, आशुतोष टंडन ‘गोपाल’, स्वतंत्र देव सिंह, पंकज सिंह, अश्वनी त्यागी, विजय पाठक, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. चन्द्रमोहन आदि मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें