फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानून का उल्लंघन करना, अराजकता फैलाना व गुंडागर्दी करना सपा की संस्कृति: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

Mon, 23 Dec 2019 06:34 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस फंडिंग कर प्रदेश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ भ्रम व झूठ फैलाकर दंगा भड़का रहे हैं। सपा और कांग्रेस में मुस्लिम वोट बैंक हथियाने की होड़ मची है।
विज्ञापन


अखिलेश की प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करना, अराजकता फैलाना व गुंडागर्दी करना सपा की संस्कृति है। सपा के सांसद, विधायक और नेता लोगों को भड़काकर माहौल खराब कर रहे हैं।

सपा जब सत्ता में होती है तो मुजफ्फरनगर जैसे दंगे होते हैं और विपक्ष में रहती है तो लोगों को भड़काकर अमन में आग लगाती है। अखिलेश यादव को याद रखना चाहिए कि प्रदेश में सत्ता और व्यवस्था बदल गई है। अराजकता, गुंडों और अपराधियों को मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी। अखिलेश मुस्लिमों को गुमराह कर न केवल पूरी कौम को बदनाम करना चाहते हैं बल्कि उनके विकास की गति को रोकना चाहते हैं।
विज्ञापन

अखिलेश यादव कर रहे हैं धारा 144 का उल्लंघन

स्वतंत्र देव ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल सदन में बहस के बाद पारित हुआ था। सपा अध्यक्ष ने धारा 144 का उल्लंघन किया है। सपा कार्यकर्ता उनका अनुसरण कर रहे हैं। योगी सरकार ने सुनियोजित साजिश को विफल कर प्रदेश में शांति बहाल की है। सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान और कानून-व्यवस्था बनाए करने में जो खर्च आया है, उसकी वसूली उपद्रवी तत्वों से की जाएगी। सीएम के इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं।

राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों का विरोध करके दिखाएं
स्वतंत्र देव ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, अनुच्छेद 370, 35ए व ट्रिपल तलाक समाप्त करने और सीएए का निर्णय राष्ट्रहित में किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और अखिलेश यादव में हिम्मत है तो इन निर्णयों का खुलकर विरोध करें।

अटलजी को दलों में न बांधें
स्वतंत्र देव ने कहा कि लोक भवन सरकारी पैसे से बना है, न कि सपा के पैसे से। अटलजी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। उन्हें किसी दल में बांधना उचित नहीं है। अखिलेश यादव सरकारी सुविधाओं का मोह नहीं छोड़ पा रहे। उन्हें सीएम आवास और सुविधाओं की याद सता रही है।
विज्ञापन

सीएए का सच बताने को जनजागरण करेगी भाजपा

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विपक्षी दलों की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाह का जवाब देने के लिए भाजपा एक महीने तक अभियान चलाएगी। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 26 दिसंबर से 25 जनवरी तक सीएए के समर्थन में बैठक, रैलियां, संपर्क अभियान और संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे।

भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर लोगों को सीएए का सच बताएंगे। नागरिकता सहायक शरणार्थियों के पंजीयन का कार्य भी करेंगे। अभियान के लिए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर और प्रकाश पाल भी अभियान का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि सीएए से किसी भी भारतीय मुस्लिम को परेशानी नहीं होगी। सीएए से भारत में शरण लेने वाले हिंदू, बौद्ध, सिख, ईसाई, जैन और पारसी लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और सुरक्षा का नया संचार हुआ है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें