फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में भाजपा का मिशन 2019 शुरू, ये है भगवा सेना का प्लान

Fri, 21 Apr 2017 02:14 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भाजपा ने भविष्य की चुनौतियों और जरूरतों के मद्देनजर अलग-अलग तबकों की पार्टी के साथ लामबंदी और मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। इसके लिए अलग-अलग मोर्चों को काम सौंपा गया है। वे मोर्चे से संबंधित वर्गों को संवाद, संपर्क और कार्यक्रमों के जरिए पार्टी से जोड़ने या जोड़े रखने का प्रयास करेंगे।
विज्ञापन


इसी के साथ किसानों और गांवों पर फोकस करते हुए भी कार्यक्रमों की रचना की गई है। सरकार में रहने के दौरान किसान पंचायतों का आयोजन करके चर्चा में रही भाजपा ने इस बार भी किसानों से संवाद, संपर्क और समस्याओं के समाधान के लिए किसान कल्याण पंचायतें आयोजित करने का फैसला किया है।

ऐसा लगता है कि भाजपा ने भले ही भारी बहुमत से सूबे की सत्ता पर कब्जा कर लिया हो, पर अब उसकी चिंता इतने बड़े समर्थन को सहेजकर रखने की है, जिससे निकट भविष्य में होने वाले निकाय चुनाव में भी भाजपा का परचम फहराता रहे और लोकसभा चुनाव के लिए भी भगवा टोली की बढ़त का संदेश बना रहे।
विज्ञापन


पार्टी के रणनीतिकार जानते हैं कि इसके लिए कार्यकर्ताओं को गतिशील बनाए रखना और उनके जरिए लोगों के बीच उपस्थिति दर्ज कराते रहना जरूरी है। इसीलिए अलग-अलग तरह से कार्यक्रम बनाकर लोगों को जोड़े रखने की रणनीति बनाई गई है।

खेलों से कलाकारों तक पर फोकस

युवाओं के बीच लामबंदी मजबूत बनाए रखने के लिए खेलों से कलाकारों की जुटान तक के कार्यक्रम तय किए गए हैं। इसकी जिम्मेदारी युवा मोर्चा को सौंपी गई है। कहा गया है कि सभी जिलों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल उत्सव समिति गठित कर उसे तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाए।

कोशिश रहे कि प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण में पार्टी का कोई प्रमुख व्यक्ति भी वहां मौजूद हो। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय का चित्र और उनके जीवन वृत्त के बारे में पुस्तिका अनिवार्य रूप से दी जाए। इसके अलावा मोर्चा को युवा कला संगम कार्यक्रम करने को भी कहा गया है।

इसमें संबंधित स्थान के युवा चित्रकारों, गीतकारों, साहित्यकारों, लोकगायकों, संगीतकारों, लेखकों, युवा कवियों, मूर्तिकारों, शिल्पकारों, कथाकारों, कलाकारों और अन्य रचनाकारों को बुलाकर उनकी प्रतिभा का प्रदर्शन कराया जाएगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इन्हें भी दीनदयाल के चित्र के साथ उनके जीवन से संबंधित पुस्तिका दी जाएगी।

किसानों के लिए ये है भाजपा का कार्यक्रम

किसान मोर्चा को किसानों के बीच भाजपा की पकड़ व पैठ बनाए रखने के साथ उसे मजबूत बनाने और मौजूदा समर्थन में बढ़ोतरी पर ध्यान केंद्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके लिए मोर्चा को हर जिले में किसान कल्याण पंचायतों के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कहा गया है कि इन कार्यक्रमों में केंद्र और राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।

साथ ही इन योजनाओं का लाभ उठा रहे और जिन्हें लाभ नहीं मिल रहा है, उनकी सूची बनाने का काम भी सौंपा गया है।

इन पंचायतों में नई कृषि तकनीक, उन्नतिशील बीज, मिट्टी परीक्षण के लाभ पर चर्चा करने और इनसे संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रगतिशील किसानों व जैविक खेती से उत्पादन करने वाले किसानों के सार्वजनिक अभिनंदन करने का भी फैसला किया गया है।
विज्ञापन

इस तरह साधेंगे महिलाओं के भी समीकरण

रणनीतिकारों ने महिलाओं के बीच भाजपा की पैठ बनाए रखने और उसमें बढ़ोतरी की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी है। इसके तहत हर जिले में ‘पढ़े बेटियां, बढ़े बेटियां’ नाम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

साथ ही ऐसे परिवारों की बेटियों का जो जिन्होंने सीमित संसाधनों में अपनी बेटियों को समाज में अग्रणी बनाया है या बेटियों ने खुद कोई उल्लेखनीय कार्य किया है, ऐसे परिवारों का महिला मोर्चा की तरफ से सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा।

इसी के साथ महिला स्वयं सहायता समूह एवं आशा बहनों के सम्मेलन भी करने को कहा गया है।

इनमें यह बताया जाएगा कि वे किस तरह सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने काम या जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से कर सकती है। महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर भी लोगों को जोड़ने की रणनीति पर काम करने की योजना बनाई गई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें