फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नड्डा के यूपी दौरे पर दिखी एमपी के घटनाक्रम की छाया, कहा- मर्यादा का ख्याल रखें सांसद व विधायक

Fri, 05 Jul 2019 10:36 PM IST
Abhishek Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
लखनऊ में जे पी नड्डा का स्वागत करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रदेश के पहले दौरे पर मध्यप्रदेश के घटनाक्रम की छाया साफ दिखी। पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में नड्डा ने सदस्यता अभियान और उपचुनाव की चर्चा की तो कोर कमेटी की बैठक में इन दोनों मुद्दों के साथ मध्यप्रदेश की घटना के मद्देनजर पार्टी के सांसदों, विधायकों, नेताओं और अन्य प्रतिनिधियों को खुद व परिवार के सदस्यों को मर्यादा में रखने की नसीहत दी। उन्होंने कोर कमेटी के सदस्यों से आग्रह किया कि सभी को साफ-साफ बता दिया जाए कि सत्तामद का प्रदर्शन व मर्यादा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विज्ञापन


नड्डा ने प्रदेश में सपा व बसपा गठबंधन के बावजूद भाजपा को मिली शानदार जीत को उपलब्धि बताया लेकिन पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी के सदस्यों को संगठनात्मक आधार को लगातार मजबूत करते रहने की सलाह भी दी।

कहा कि लोकसभा चुनाव में हारे हुए बूथों पर विशेष ध्यान देने और पार्टी के मत प्रतिशत को 50 प्रतिशत से ऊपर ले जाने पर काम करते रहना होगा। तभी आगे आने वाली चुनौतियों से पार पाया जा सकेगा और जीत का सिलसिला जारी रखने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन

उपचुनाव में हर सीट पर जीत का लक्ष्य सौंपा

कोर कमेटी की बैठक में नड्डा ने कहा कि भाजपा के लोग दूसरे दलों से अलग दिखने चाहिए। यह जीत अहंकार की नहीं, जनता के प्रेम की है। इसलिए भाजपा के लोगों का भी कर्तव्य है कि सभी से मर्यादित व्यवहार करें। खुद भी इसका ध्यान रखें और परिवार के लोगों को भी समझाएं।

वहीं, पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने उपचुनाव वाली विधानसभा की सभी 12 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य सौंपा। कहा कि भले ही सपा और बसपा का गठबंधन टूट गया हो लेकिन हमें कोई ढिलाई नहीं बरतनी है। प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक-एक सीट के लिए व्यूहरचना बनाएं।

कोई पराया नहीं
नड्डा ने कहा कि सदस्यता अभियान में मुख्य रूप से वंचित लोगों को पार्टी से जोड़ने पर ध्यान दें। खास तौर से अनुसूचित जाति के सभी वर्गों को सदस्य बनाने पर ध्यान दें। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ पाने वालों की सूची बनाकर उन्हें सदस्य बनाने के लिए अभियान चलाएं। किसी जाति या धर्म का व्यक्ति भाजपा के लिए अछूत नहीं है।
विज्ञापन

2022 का लक्ष्य सामने रखकर जुटें

कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अब 2022 में जीत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर जुटना है। इसलिए प्रदेश सरकार के कामों को लोगों तक पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए। प्रदेश में लगभग 30 हजार बूथों पर भाजपा की स्थिति कमजोर है। इनके लिए अलग से योजना बनाई जाए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, पूर्व अध्यक्ष कलराज मिश्र व कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही भी शामिल थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें