भाजपा विधायक साधना सिंह ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर अशोभनीय टिप्पणी के लिए लिखित तौर पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद किसी का अपमान करना नहीं था, बल्कि गेस्ट हाउस कांड में भाजपा ने जो मायावती की मदद की थी उसे याद दिलाना था। अगर मेरे शब्दों से किसी को कष्ट हुआ है तो मैं खेद प्रकट करती हूं।
आपको बता दें कि साधना सिंह की मायावती पर टिप्पणी के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा को घेरा था और कहा था कि भाजपा विधायक द्वारा मायावती जी पर की गई टिप्पणी पार्टी के नैतिक दिवालियापन और हताशा का प्रतीक है। विपक्षी नेताओं के लगातार निंदा करने के बाद भाजपा विधायक साधना सिंह ने माफी मांगी है।
ये था पूरा बयान
विधायक साधना सिंह ने कहा था कि मुझे मायावती न तो नर लगती है न नारी। वह महिलाओं के नाम पर कलंक हैं। गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए साधना सिंह ने कहा था कि उन्होंने सिर्फ सत्ता के लिए चीरहरण करने वालों से हाथ मिला लिया। द्रौपदी ने प्रण किया था कि जब तक दुशासन के लहू से बाल नहीं धोऊंगी तब तक उन्हें बांधूंगी नहीं लेकिन मायावती ने सत्ता के लिए सब कुछ भुलाकर समझौता कर लिया।