एक युवक से मोबाइल छीन रहे उचक्कों से भिड़ना भाजपा नेता के भाई को भारी पड़ गया। पुलिस वाले युवक और भाजपा नेता के भाई को ही थाने ले आए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पुलिस ने भाजपा नेता के भाई को रात भर हवालात में बंद कर पट्टे से पीटा। सूचना के बाद भाजपा नेता अपने भाई को छुड़ाने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने उनकी भी पिटाई कर दी। मंगलवार सुबह मामले ने तूल पकड़ लिया।
भाजपा विधायक के प्रतिनिधि ने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचकर घेराव शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख एसपी ने तत्काल एक एसआई समेत पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित करते हुए पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंप दी।
सुल्तानपुर के बेनीदास शुक्ल का पुरवा गांव के रहने वाले राहुल शुक्ला अमेठी के आरआर पीजी कॉलेज के पास किराए पर कमरा लेकर रहते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे कमरे के पास ही राहुल शुक्ल से दो युवक मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे थे तभी केशव नगर गांव निवासी भाजपा नेता रवि प्रताप सिंह के भाई मानवेंद्र सिंह बाइक से पहुंच गए।
मानवेंद्र दोनों उचक्कों से भिड़ गए लेकिन मौके का फायदा उठाकर दोनों उचक्के फरार हो गए। राहुल और मानवेंद्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही राहुल और मानवेंद्र सिंह को ही थाने लेकर पहुंच गए। अमेठी कोतवाली में मौजूद एसआई व अन्य पुलिसकर्मी मानवेंद्र सिंह और राहुल के साथ गाली-गलौज करने लगे। मानवेंद्र ने जब बताया कि वे भाजपा नेता के भाई हैं तो एसआई और अन्य सिपाहियों ने मानवेंद्र को पट्टे से पीटना शुरू कर दिया।
इस बीच मानवेंद्र ने परिवारीजनों को पूरी घटना बताई। भाई के हवालात में होने की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता रवि प्रताप सिंह व शैलेंद्र सिंह अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंच गए। रवि और शैलेंद्र ने मानवेंद्र को छोड़ने की बात एसआई से की तो पुलिस कर्मी अपना आपा खो दिया और मानवेंद्र के साथ ही शैलेंद्र को भी जमकर पीटा। मंगलवार की सुबह भाजपा विधायक गरिमा सिंह के बेटे व प्रतिनिधि अनंत विक्रम सिंह, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री काशी प्रांत काशी तिवारी ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर घेराव शुरू कर दिया।
विधायक प्रतिनिधि दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने तथा केस दर्जकर पीड़ितों का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने की मांग पर अड़ गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने तत्काल एसआई विजय सिंह, आरक्षी सुनील यादव, चंद्रभान, दीपक यादव, सत्यबिंद यादव को निलंबित करते हुए पूरे मामले की जांच एएसपी दयाराम को सौंपी है।
विधायक के कार्यालय प्रभारी हैं रवि प्रताप
अमेठी विधायक गरिमा सिंह के कार्यालय प्रभारी रवि प्रताप सिंह हैं। इसके साथ ही रवि प्रताप सिंह आरएसएस से भी जुड़े हैं। रवि प्रताप सिंह का क्षेत्र में सम्मान है।
नहीं दर्ज हुआ केस
सीओ राज कुमार सिंह ने बताया कि अंतू रोड पर शराब पीने के बाद दो लोगों में बवाल हुआ था। चीता पुलिस उन्हें पकड़ कर लाई थी। आरोप है कि पुलिस ने उन लोगों की पिटाई की है। इस पर दोषी पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच एएसपी कर रहे हैं। अभी केस नहीं दर्ज किया गया है।