बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता पर मुकदमे वापसी के लिए विधायक द्वारा धमकी दिए जाने के आरोप का सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संज्ञान लिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह किसी से छिपा नहीं है कि आरोपी विधायक को भाजपा का संरक्षण रहा है।
मायावती ने लगातार दो ट्वीट करके उन्नाव रेप कांड पर भाजपा व प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया। पहले ट्वीट में उन्होंने कहा कि उन्नाव रेप पीड़िता व उसके परिवार की हत्या का प्रयास व मुकदमे वापसी हेतु विधायक द्वारा धमकी दिया जाना काफी गंभीर मामला है जिसका सुप्रीमो कोर्ट द्वारा संज्ञान लिया जाना अति स्वागत योग्य है। बीएसपी कोर्ट का थैंक्स अदा करती है। इससे पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, अभियुक्त विधायक को सत्ताधारी भाजपा का लगातार संरक्षण रहा है, यह बात कोई लुकी-छिपी नहीं है। यही कारण है कि किसी न किसी बहाने यह केस सीबीआई के पास होने के बावजूद लंबे समय से लंबित पड़ा हुआ है। जिस कारण पीड़िता स्वयं नए हादसे का शिकार होकर मरणासन्न है। अति दुखद।